अच्छा कैसे लिखा जाए – 5

समाचार, टिप्पणी, लेख और फीचर

समाचार टिप्पणी, लेख और फीचर अलग-अलग लेखन सामग्री है। इन्हीं चारों की सर्वाधिक जरूरत समाचार पत्रों, पत्रिकाओं में पड़ती है। इन तीनों को लिखने का अभ्यास शुरू में ही कर लेना चाहिए। अभ्यास के अभाव की वजह से ही समाचार लिखने वाले ज्यादातर पत्रकार लेख लिखने या फीचर लिखने में विफल हो जाते हैं या फिर लेख या फीचर लिखने वाले पत्रकार समाचार लिखने में नाकाम हो जाते हैं। कई बार तो अच्छा फीचर लिखने वाले लेख लिखने से बचते हैं। अभ्यास तो चारों ही तरह के लेखन का करना चाहिए, बाद में जो ज्यादा अच्छी तरह से सध जाए, उसे अपना लेना चाहिए। सहज रूप में अगर कहा जाए, तो :-

समाचार : समाचार में लगभग प्रथम दृष्टया या अनुभूत नई व उपयोगी सूचनाओं या तथ्यों का समावेश होता है। वहां विचार या फीचर- अनुकूल दृष्टिकोण व्यक्त करने के लिए जगह नहीं है। समाचार सच्चाई और जरूरत की मांग करते हैं।

टिप्पणी : किसी भी समाचार पर तात्कालिक प्रतिक्रिया या तात्कालिक विचार अभिव्यक्ति टिप्पणी कहलाती है। दैनिक समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में इसकी जरूरत बढ़ती जा रही है। टिप्पणियां तेजी और चतुराई की मांग करती हैं। लेख : लेख में सूचनाओं या तथ्यों के साथ विचारों का समावेश होता है। बिना विचार के केवल सूचनाओं या तथ्यों के आधार पर लेख नहीं बन सकता। लेख में तथ्य और तर्क दोनों होना चाहिए। लेख पूरी तैयारी के साथ सोच-समझकर किया जाता है। लेख गम्भीरता और प्रभावोत्पादकता की मांग करते हैं।

फीचर : फीचर में सूचनाओं या तथ्यों के साथ भाव की प्रस्तुति होती है। फीचर में विचार नहीं, अनुभव और भावना की ललित प्रस्तुति होती है। फीचर संवेदना और खिलंदड़ेपन की मांग करते हैं। लेख/ फीचर की वर्तमान स्थिति भारत में लेख या फीचर की स्थिति को बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता। एक अरब से ज्यादा आबादी वाले देश में जितने अच्छे लेखक पत्रकारिता से जुड़े होने चाहिए, उतने नहीं हैं। अंग्रेजी में स्थिति थोड़ी ठीक है, लेकिन अंग्रेजी में पश्चिम से न केवल लेख, बल्कि लेखक भी लेने की परंपरा रही है। चूंकि अंग्रेजी खुद को पश्चिम से सीधे जोड़ पाती है, इसलिए उसका दायरा भी स्वत: बड़ा हो जाता है। हिन्दी ही नहीं, अन्य भारतीय भाषाओं में भी स्थिति सराहनीय नहीं है। आखिर ऐसा क्यों है? कुछ कारणों की पड़ताल यहां की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *